एसआईआर प्रक्रिया के अंतर्गत चल रहे मतदाता सूची के सत्यापन कार्य को बीएलओ पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता एवं निष्ठा के साथ करें पूरा- एडीसी अजय चोपड़ा
एडीसी की अध्यक्षता में गोहाना विधानसभा क्षेत्र के बीएलओ को गोहाना स्थित राजकीय कन्या महाविद्यालय में दिया गया विशेष प्रशिक्षण

सोनीपत, 16 जून। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में चल रही मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 प्रक्रिया के अंतर्गत 32-गोहाना विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक पंजीयन अधिकारी एवं अतिरिक्त उपायुक्त अजय चोपड़ा की अध्यक्षता में राजकीय कन्या महाविद्यालय, गोहाना में बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में मतदाता सूची के घर-घर सत्यापन कार्य से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए तथा निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अतिरिक्त उपायुक्त अजय चोपड़ा ने कहा कि मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण लोकतांत्रिक प्रक्रिया का अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य है। इस कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही या कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी बीएलओ को निर्देश दिए कि वे पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता एवं निष्ठा के साथ घर-घर जाकर प्रत्येक मतदाता का सत्यापन करें तथा यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे।
उन्होंने कहा कि बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर मतदाताओं के सत्यापन का कार्य 14 जुलाई 2026 तक किया जाएगा। इसके साथ ही मतदान केंद्रों के युक्तिकरण एवं पुनर्व्यवस्थित करने का कार्य भी इसी अवधि में पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित समय-सीमा के अनुसार सभी कार्यों को गुणवत्ता और पारदर्शिता के साथ संपन्न करना सुनिश्चित किया जाए।
एडीसी ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत नए पात्र मतदाताओं का पंजीकरण, मृत अथवा स्थानांतरित मतदाताओं के नामों का सत्यापन तथा मतदाता सूची में आवश्यक संशोधन किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि बताया कि प्रारूप निर्वाचक नामावली का प्रकाशन 21 जुलाई 2026 को किया जाएगा। इसके उपरांत 21 जुलाई से 20 अगस्त 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। वहीं नोटिस जारी करने, सुनवाई एवं सत्यापन सहित सूचना चरण की प्रक्रिया 21 जुलाई से 18 सितंबर 2026 तक संचालित होगी। अंतिम निर्वाचक नामावली का प्रकाशन 22 सितंबर 2026 को किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए सभी बीएलओ अपनी जिम्मेदारी को गंभीरता से निभाएं। यदि किसी बीएलओ द्वारा कार्य में लापरवाही बरती जाती है या निर्धारित दिशा-निर्देशों की अनदेखी की जाती है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने सभी अधिकारियों से निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पालन करते हुए समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने का आह्वान किया, ताकि मतदाता सूची का पुनरीक्षण कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हो सके और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को और अधिक मजबूत बनाया जा सके। इस दौरान निर्वाचन कानूनगो पवन कुमार मौजूद रहे।



