डीडीपीओ मनीष मलिक ने समाधान शिविर में सुनीं आमजन की समस्याएं
समस्याओं के समयबद्ध एवं प्राथमिकता के आधार पर समाधान के दिए निर्देश


सोनीपत, 27 अगस्त। डीडीपीओ मनीष मलिक ने गुरुवार को लघु सचिवालय के प्रथम तल पर आयोजित हुए समाधान शिविर की अध्यक्षता करते हुए आमजन की समस्याएं सुनीं। शिविर में कुल 10 शिकायतें प्राप्त हुई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि समाधान शिविर में प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समयावधि में समाधान सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य आमजन को पारदर्शी एवं सुगम सुविधाएं उपलब्ध करवाना है। नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए अधिकारी शिकायतों के समाधान के लिए गंभीरता से कार्य करें।
समाधान शिविर में प्राप्त शिकायतों में मुख्य रूप से इंतकाल करवाने, सोनीपत सेक्टर-23 से 100 फुटा रोड की ग्रीन बेल्ट पर रेन वाटर अवरोध व सीवर अवरोध होने के कारण समस्या का समाधान करवाने, वेस्ट रामनगर से शिकायतकर्ता ने हाउस टैक्स माफ करके उसे ठीक करवाने की शिकायत दर्ज कराई।
इसके अलावा गांव शाहपुर तगां से शिकायतकर्ता ने गलत बिजली बिल को ठीक करवाने, गांव मोहाना से सोलर कनेक्शन का कंट्रोलर लगवाने की शिकायत दर्ज कराई। अन्य शिकायतों में फैमिली आईडी और पेंशन बनवाने से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुई । डीडीपीओ मनीष मलिक ने संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
इस अवसर पर एसीपी राजदीप मोर, तहसीलदार कीर्ति सहित सभी विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




